नई दिल्ली।
भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार से चार दिवसीय उच्चस्तरीय वार्ता शुरू हो रही है। इस दौरान दोनों देशों के मुख्य वार्ताकार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच करेंगे, जबकि भारतीय पक्ष की अगुवाई वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव और मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन करेंगे।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों का लक्ष्य अंतरिम व्यापार समझौते के विवरण को अंतिम रूप देना है। इसके साथ ही व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बाजार पहुंच, गैर-शुल्क उपाय, सीमा शुल्क एवं व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन और आर्थिक सुरक्षा समन्वय जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बातचीत को आगे बढ़ाया जाएगा।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने आईआईटी दिल्ली में आयोजित ‘यूएस-इंडिया ट्रस्ट इनिशिएटिव’ कार्यक्रम के दौरान कहा कि दोनों देश इस ऐतिहासिक समझौते को अंतिम रूप देने के करीब पहुंच चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले कुछ सप्ताह या महीनों के भीतर इस समझौते पर हस्ताक्षर हो सकते हैं।
राजदूत के अनुसार, द्विपक्षीय वार्ता अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत ने समझौते के शेष मुद्दों को सुलझाने के लिए एक टीम वाशिंगटन डीसी भेजी थी। अब नई दिल्ली में होने वाली बैठकें इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।











