नई दिल्ली, 01 जून।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में ‘बिरसा लाइव्स इन न्यू भारत वीक’ के अंतर्गत जनजातीय कार्य मंत्रालय की केंद्रीय क्षेत्र छात्रवृत्ति योजनाओं के लगभग 200 आदिवासी छात्र लाभार्थियों के साथ विशेष संवाद करेंगी। यह आयोजन ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ का हिस्सा है, जो राष्ट्रव्यापी स्तर पर मनाया जा रहा है।
मंत्रालय के अनुसार यह संवाद 25 मई से 2 जून 2026 तक चल रहे ‘बिरसा लाइव्स इन न्यू भारत वीक’ के दौरान आयोजित किया जा रहा है, जबकि ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ 10 मई से 9 जून 2026 तक जारी रहेगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन और राष्ट्र निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना बताया गया है।
इस विशेष संवाद का मुख्य लक्ष्य आदिवासी विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, नेतृत्व क्षमता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है, जिससे ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को समावेशी आदिवासी सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ाया जा सके।
इस संवाद में देशभर के लगभग 200 मेधावी आदिवासी छात्र शामिल होंगे, जो उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। ये सभी छात्र जनजातीय कार्य मंत्रालय की तीन प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाओं—राष्ट्रीय फैलोशिप, उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति और राष्ट्रीय विदेशी छात्रवृत्ति योजना—के लाभार्थी हैं।
मंत्रालय के अनुसार ये चयनित छात्र आदिवासी समुदायों के सबसे प्रतिभाशाली युवाओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो शोध, उच्च शिक्षा और वैश्विक शैक्षणिक मंचों पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।













