राजगढ़, 12 जून।
जिले के ब्यावरा क्षेत्र में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की इकाई ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू करने और छात्र समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शासकीय पीजी कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारी विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने मौके पर जिम्मेदार अधिकारियों को बुलाने की मांग की, लेकिन लंबे समय तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिससे आक्रोश बढ़ गया और प्रदर्शन सड़क पर धरने में बदल गया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। इसके बाद एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने सुठालिया तहसीलदार रामनिवास धाकड़ को मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा विभाग के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू करने के साथ-साथ विद्यार्थियों की लंबित शैक्षणिक समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
एबीवीपी के नगर मंत्री राकेश सोंधिया ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे और संगठन ने विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।













