भागलपुर, 01 जून।
जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को सामूहिक कार्य बहिष्कार करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और अस्पताल परिसर में एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी की।
समानता सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी अस्पताल परिसर में जुटे और अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले भी उन्होंने मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार किया था, जिसके बाद अधिकारियों और एजेंसी प्रबंधन ने समाधान के लिए 10 दिन का समय मांगा था।
आश्वासन के बाद आंदोलन को अस्थायी रूप से स्थगित कर सभी सुरक्षाकर्मी कार्य पर लौट गए थे, लेकिन तय समय बीत जाने के बावजूद उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं किए जाने का आरोप लगाया गया, जिससे नाराज होकर उन्होंने दोबारा कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने वेतन वृद्धि, नियमित अवकाश, वर्दी और पीएफ जैसी सुविधाओं की मांग को फिर से दोहराया। कार्य बहिष्कार के चलते अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज और उनके परिजन आते हैं।
ओपीडी, इमरजेंसी, वार्डों और अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं के संचालन पर भी प्रभाव पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जबकि अस्पताल प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि मरीजों को परेशानी न हो।















