सागर, 03 जुलाई।
मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में इलाज के दौरान भारी हंगामा हुआ है। आरोप है कि भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव ने महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी की। घटना के बाद आक्रोशित डॉक्टरों व स्टाफ ने अस्पताल के मुख्य द्वार पर चक्काजाम कर दिया।
पीड़िता का कहना है कि गुरुवार देर रात एक मरीज के इलाज को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि भाजपा नेता और उनके साथियों ने स्टाफ को धमकी दी और महिला कर्मियों के साथ अभद्रता की। उन्होंने अस्पताल के बाहर गोली मारने तक की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्टाफ का आरोप है कि उचित कार्रवाई के बजाय पुलिस उन्हें वापस भेजकर लौट गई। इस लापरवाही से नाराज होकर अस्पताल के स्टाफ ने आंदोलन शुरू किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के अंदर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो प्रदेशव्यापी स्तर पर कार्य बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही, अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की भी मांग रखी गई है।
दूसरी ओर, भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका दावा है कि वे महज एक मरीज को देखने गए थे और इलाज में तेजी लाने का आग्रह किया था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भाजपा नेता और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उचित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
















