रायगढ़, 01 जून।
चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के लोईंग बाजार में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरा बैंक परिसर धुएं और लपटों से घिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बैंक लोईंग बाजार क्षेत्र में मनोज प्रधान के मकान में किराए के भवन में संचालित है। रात करीब 9:30 बजे स्थानीय लोगों ने बैंक परिसर से धुआं उठता देखा और तुरंत बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग तेजी से फैलकर बैंक के अधिकांश हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
बैंक प्रबंधक के अनुसार प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बैंक के भीतर रखे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं बैंक की तिजोरी प्रभावित हुई या नहीं, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है।













