हरिद्वार, 12 जून।
हरिद्वार में घाट से चोरी हुई चार माह की मासूम बच्ची को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने एक बाबा सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
घटना 27-28 मई की रात की है, जब उत्तर प्रदेश के संभल निवासी एक परिवार गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आया था और विष्णु घाट के पास पेड़ के नीचे सो रहा था। सुबह उठने पर उनकी मासूम बच्ची लापता मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बस-रेल यात्रा विवरण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में एक संदिग्ध दंपत्ति की पहचान हुई, जो पहले विष्णु घाट पर और बाद में अलग-अलग स्थानों पर बच्चों के साथ दिखाई दिए थे।
तफ्तीश के दौरान पता चला कि संदिग्ध हरिद्वार से धामपुर होते हुए हावड़ा की ओर जा रहे थे। हालांकि लगातार तलाश के बावजूद सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने हरिद्वार में उनकी गतिविधियों पर फिर से ध्यान केंद्रित किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी दंपत्ति अपने बच्चे के साथ शिवालिक नगर क्षेत्र की ब्रह्मपुरी में बाबा सत्यपाल की झोपड़ी में रह रहे थे। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर बाबा सहित दंपत्ति को हिरासत में लेते हुए अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आर्थिक लालच में आकर दंपत्ति ने बच्ची को बेचने की योजना बनाई थी और बाबा ने भी इस साजिश में सहयोग किया था। आरोपियों की पहचान सत्यपाल, लाल बहादुर और प्रीति रानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।













