मुरादाबाद, 01 जून।
दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्विट हॉल में स्वदेशी जागरण मंच के दो दिवसीय जिला विचार एवं प्रशिक्षण वर्ग का समापन सोमवार को किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मंच के राष्ट्रीय सहसंयोजक डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि स्वदेशी जागरण मंच किसी संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक विचारधारा है जिसमें विभिन्न दृष्टिकोणों का स्वागत किया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण को संगठन विस्तार के लिए आवश्यक बताया।
उन्होंने आगे कहा कि स्वदेशी का अर्थ पुराने ढांचे में लौटना नहीं है, बल्कि इसे वर्तमान समय के अनुरूप विकसित करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत की स्थिति स्वतंत्रता काल जैसी नहीं है, बल्कि देश एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर चुका है।
कार्यक्रम के अंतिम दिन विभिन्न सत्रों में क्षेत्र सहसंयोजक कपिल नारंग ने स्वदेशी की यात्रा पर विचार रखे, जबकि क्षेत्र विचार विभाग प्रमुख कुलदीप सिंह ने स्वावलंबी भारत अभियान पर प्रकाश डाला। जिला संयोजक नीरज सोलंकी ने दत्तोपंत ठेंगड़ी के जीवन पर चर्चा की, पूनम चौहान ने दीनदयाल उपाध्याय के जीवन परिचय को प्रस्तुत किया। अंजू त्रिपाठी ने स्वदेशी में महिलाओं की भूमिका पर विचार रखे, हिमांशु मेहरा ने आर्थिक शब्दावली की जानकारी दी तथा डॉ. एके अग्रवाल ने पर्यावरण और स्वदेशी विषय पर मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर संगठन में नई जिम्मेदारियों की भी घोषणा की गई, जिसमें मीनू विज को जिला महिला प्रमुख, पूनम चौहान को जिला सहसंयोजक, डॉ. शशांक सैनी को महानगर विचार विभाग प्रमुख, डॉ. महेंद्र चौहान को सह विभाग संयोजक, उदय भान सिंह को महानगर सहसंयोजक तथा शिवेंद्र जैन को राष्ट्रीय व्यापारी मंच का महानगर सहसंयोजक बनाया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशांत शर्मा और मीनू विज ने किया। इस दौरान नीलम जैन, सुधांशु बिश्नोई, रेनू गुप्ता, जितेंद्र आर्य, राजेश खन्ना, डॉ. एसके अग्रवाल, पुष्पेंद्र कुमार, भारत सिंह यादव और पंकज चौहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।













