टॉप न्यूज़
01 Jun, 2026

माजुली द्वीप में 4,000 साल पुराने वनस्पति इतिहास का खुलासा, जलवायु परिवर्तन पर मिला अहम सुराग

असम के माजुली द्वीप में वैज्ञानिकों को 4,000 वर्ष पुराने जलवायु और वनस्पति इतिहास के प्रमाण मिले हैं, जो क्षेत्रीय पर्यावरणीय परिवर्तन और भविष्य की जलवायु रणनीतियों के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

नई दिल्ली, 01 जून ।

असम के माजुली द्वीप में वैज्ञानिकों को लगभग 4,000 वर्ष पुराने वनस्पति और जलवायु इतिहास के प्रमाण मिले हैं, जिससे इस क्षेत्र के प्राचीन पर्यावरणीय परिवर्तन और जलवायु परिस्थितियों को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।

लखनऊ स्थित बीरबल साहनी इंस्टीट्यूट ऑफ पैलियोसाइंसेस के वैज्ञानिकों ने माजुली के सकाली वेटलैंड से 150 सेंटीमीटर गहरे तलछट नमूने एकत्र कर उनका विस्तृत अध्ययन किया। परागकणों और मिट्टी के कणों के विश्लेषण के आधार पर क्षेत्र के लंबे समय के पर्यावरणीय बदलावों का पुनर्निर्माण किया गया।

शोध के अनुसार लगभग 4040 से 2260 वर्ष पूर्व माजुली क्षेत्र में गर्म और आर्द्र जलवायु परिस्थितियां थीं तथा यहां घने वन पाए जाते थे। इसके बाद समय के साथ मानसून और बाढ़ के पैटर्न में बदलाव दर्ज किए गए।

अध्ययन में यह भी पाया गया कि 1100 से 500 वर्ष पूर्व के दौरान क्षेत्र अपेक्षाकृत अधिक नम रहा, जबकि पिछले लगभग 500 वर्षों में तापमान और वर्षा में गिरावट देखी गई। वैज्ञानिकों के अनुसार हाल के समय में मानव गतिविधियों का प्रभाव बढ़ने से प्राकृतिक वनस्पति में भी बदलाव आया है।

माजुली, जो ब्रह्मपुत्र और सुबनसिरी नदियों के बीच स्थित दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप है, लंबे समय से बाढ़ और नदी कटाव की समस्या से प्रभावित रहा है। यह अध्ययन क्षेत्र की जलवायु प्रवृत्तियों को समझने और भविष्य में आपदा प्रबंधन व पर्यावरण संरक्षण नीतियों को बेहतर बनाने में उपयोगी माना जा रहा है।

वैज्ञानिकों का कहना है कि यह शोध ऊपरी ब्रह्मपुत्र घाटी के जलवायु इतिहास को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए दीर्घकालिक रणनीतियां तैयार करने में सहायता मिलेगी।

|
आज का राशिफल

कामकाज में आ रहा अवरोध दूर होकर प्रगति का रास्ता मिल जाएगा। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। अपने काम में सुविधा मिल जाने से प्रगति होगी। नवीन जिम्मेदारी बढ़ने के आसार रहेंगे। यात्रा शुभ रहेगी। अपने काम को प्राथमिकता से करें। शुभांक-3-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़