काठमांडू, 02 जून।
नेपाल के आर्थिक केंद्र वीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह को पुलिस ने मंगलवार सुबह पर्सा जिले के ठोरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उन्हें एक रिसॉर्ट से हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति की बेटी को अपनी संतान बताकर उसका फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनवाया और उसी आधार पर नागरिकता तथा पासपोर्ट तैयार कर उसे विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी कराई। यह जानकारी जिला प्रहरी कार्यालय पर्सा के प्रमुख सुदीपराज पाठक ने दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मेयर सिंह को जिला अदालत पर्सा द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किए जाने के आठ दिन बाद पकड़ा गया। इस मामले में मेयर सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज है। गिरफ्तारी की अनुमति मिलने के बाद वह एक दिन अदालत में पेश हुए थे, लेकिन बाद में फरार हो गए थे।
नेपाल कानून के अनुसार इस प्रकार के अपराध में दोष सिद्ध होने पर अधिकतम सात वर्ष की कैद और 70 हजार नेपाली रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। अभियोजन पक्ष ने मेयर राजेशमान सिंह के लिए भी इसी सजा की मांग की है।












