मुंबई, 02 जून।
बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन-एडवेंचर फिल्म 'नागबंधम' की रिलीज में अब मात्र 30 दिन शेष रह गए हैं। इस अवसर पर फिल्म के निर्माताओं ने एक नया काउंटडाउन पोस्टर जारी किया है, जिसने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। यह पोस्टर फिल्म की रहस्यमयी और पौराणिक दुनिया की एक झलक प्रस्तुत करता है, जहाँ प्राचीन रहस्य, दिव्य शक्तियां और नियति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। फिल्म 3 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अभिषेक नामा के निर्देशन में निर्मित 'नागबंधम' भारतीय पौराणिक विरासत और आधुनिक सिनेमाई तकनीकों का एक अनोखा मिश्रण है। फिल्म में अभिनेता वीराट कर्णा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा ऋषभ साहनी, नभा नतेश, ईश्वार्या मेनन, महेश मांजरेकर और जगपति बाबू जैसे मंझे हुए कलाकार महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे। मेकर्स के अनुसार, फिल्म की पटकथा उन भूले-बिसरे रहस्यों और अलौकिक शक्तियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिनमें नियति को बदलने की क्षमता है।
एनआईके स्टूडियोज और अभिषेक पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस भव्य फिल्म के निर्माता किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी हैं। हिंदी संस्करण का वितरण ज़ी स्टूडियोज द्वारा किया जाएगा। निर्माताओं का दावा है कि 'नागबंधम' भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और पौराणिक कथाओं को आधुनिक विजुअल इफेक्ट्स के साथ बड़े पर्दे पर एक वैश्विक अनुभव के रूप में पेश करेगी।










