प्रयागराज, 2 जून ।
प्रयागराज जिले के सोरांव थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव में स्थित एक स्कूल परिसर में लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की खबर से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया और हालात को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया।
स्थिति को शांत करने के लिए प्रशासन ने तत्काल नई प्रतिमा मंगवाकर स्कूल परिसर में ग्रामीणों की मौजूदगी में स्थापित कराई।
इसके बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश शांत हुआ और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल हो सकी।
पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।












