सुपौल, 04 जून ।
सदर थाना क्षेत्र के वीणा वार्ड-03 में तीन दिनों से लापता एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव ब्रह्मस्थान के पीछे स्थित बांसबाड़ी के पास एक गड्ढे में मिला, जिसे पत्तों से ढंकने का प्रयास किया गया था।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय हरचंद सादा उर्फ खरचन सादा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मंगलवार से लापता थे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई गई थी।
गुरुवार को ग्रामीणों को खेत की मेड़ के समीप स्थित गड्ढे से तेज दुर्गंध महसूस हुई। पास जाकर देखने पर वहां पत्तों से ढंका शव पड़ा मिला। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी एकत्र की।
इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार हरचंद सादा गांव के एक गौशाला फार्म में मजदूरी करते थे और अधिकतर समय वहीं रहते थे।
मंगलवार के बाद घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गौशाला पहुंचकर भी जानकारी जुटाई थी, लेकिन वहां भी उनका कोई सुराग नहीं मिला था। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







.jpg)


