नई दिल्ली, 04 जून ।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली का संदेश देने के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में शुक्रवार से विशेष मल्टीमीडिया प्रस्तुति ‘ग्रीन ड्रीम्स : ईको डिजिटल स्टोरीज’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कला और तकनीक के समन्वय के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेगा।
आयोजकों के अनुसार इस पेपरलेस प्रस्तुति में पर्यावरण, प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं को केंद्र में रखकर तैयार की गई दो डिजिटल कहानियां प्रदर्शित की जाएंगी। ये प्रस्तुतियां भोपाल के एकलव्य प्रकाशन की पुस्तकों पर आधारित हैं, जिन्हें आधुनिक डिजिटल माध्यमों के जरिए नया स्वरूप दिया गया है।
पहली कहानी ‘लूप/चक्कर’ है, जो एक बीज से विशाल जंगल बनने की प्रक्रिया और प्राकृतिक संतुलन पर मानवीय हस्तक्षेप के प्रभाव को दर्शाती है। यह प्रस्तुति बिना शब्दों के प्रकृति के चक्र को रचनात्मक ढंग से सामने लाती है।
दूसरी कहानी ‘साइकिल का सपना’ पर्यावरण चेतना और स्थिरता के संदेश पर आधारित है। इसमें एक साइकिल के सपनों और प्रकृति के पक्ष में उसके निर्णय को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
कार्यक्रम के माध्यम से कला, लोककथाओं और डिजिटल तकनीक को जोड़कर पर्यावरणीय जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
यह विशेष प्रदर्शनी 5 जून से 12 जून तक आयोजित होगी। दर्शक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक इसका अवलोकन कर सकेंगे। आयोजन में आम लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
आयोजकों का मानना है कि यह प्रस्तुति लोगों को प्रकृति के साथ अपने संबंधों को नए दृष्टिकोण से समझने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।






.jpg)


