नई दिल्ली, 04 जून ।
भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 और ओडिशा में होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मध्य प्रदेश की दो सीटों पर तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूरी के बाद जारी सूची में पांच राज्यों की 10 राज्यसभा सीटों और ओडिशा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं।
मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाए गए तरुण चुग पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और संगठन के प्रमुख रणनीतिकारों में उनकी पहचान है। वे विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और चुनावी प्रबंधन में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
दूसरी ओर रजनीश अग्रवाल लंबे समय से मध्य प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वे प्रदेश सचिव के रूप में कार्यरत हैं और संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन तथा चुनावी रणनीति में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
गुजरात से भाजपा ने राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया को उम्मीदवार बनाया है।
राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा गया है। वहीं अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक और मणिपुर से ए शारदा देवी को प्रत्याशी बनाया गया है।
ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने देवाशीष सामंतराय पर भरोसा जताया है। वे हाल ही में बीजू जनता दल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
पार्टी द्वारा जारी सूची के साथ राज्यसभा चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।







.jpg)


