टिहरी गढ़वाल, 05 जून।
उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दूसरे दिन शुक्रवार को बौराड़ी क्षेत्र में विभिन्न सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र, श्रीदेव सुमन पुस्तकालय और बौराड़ी स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने ढुंगीधार स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों के पोषण स्तर, टीकाकरण और स्वास्थ्य जांच की सघन निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने वहां गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण किट भी वितरित की। साथ ही, आशा और एएनएम कार्यकर्त्रियों को घर-घर जाकर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने को कहा। राजकीय मॉडल प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने मिड-डे मील और छात्रों को मिल रही सुविधाओं की सराहना की।
श्रीदेव सुमन पुस्तकालय के निरीक्षण में उन्होंने राजशाही काल की दुर्लभ पांडुलिपियों और पुस्तकों के संरक्षण की व्यवस्था को सराहा। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय शोधार्थियों और युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके अलावा, बौराड़ी स्टेडियम और प्रस्तावित बैडमिंटन हॉल के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर मुख्य सचिव ने जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर डाइजर क्षेत्र में जैकरेण्डा के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरे में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे और सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।














