बेंगलुरु, 05 जून।
राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। 18 जून को होने वाले इस चुनाव के लिए उन्होंने बेंगलुरु के विधान सौधा स्थित निर्वाचन कार्यालय में औपचारिक कागजात सौंपे।
इस दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा रहा, जिनमें राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के साथ रणदीप सिंह सुरजेवाला व बी.के. हरिप्रसाद जैसे प्रमुख चेहरे विशेष रूप से मौजूद रहे।
नामांकन प्रक्रिया के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के भीतर दिखाई दे रही एकजुटता पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक कांग्रेस के सभी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से उन्हें अपना उम्मीदवार चुना है, जो उनके प्रति पार्टी के भरोसे को दर्शाता है। खरगे ने अपने समर्थकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
खरगे ने अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए और कहा कि कांग्रेस का अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और विधायकों का आह्वान करते हुए कहा कि यदि इसी एकजुटता के साथ मिलकर काम किया जाए, तो पार्टी के सभी उम्मीदवारों की सफलता तय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्नाटक में कांग्रेस की यह जीत पार्टी के भविष्य के लिए एक सकारात्मक संदेश लेकर आएगी।













