जम्मू, 12 जून।
कांग्रेस हाईकमान ने जम्मू-कश्मीर इकाई में बढ़ती अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। पार्टी आलाकमान ने इन आरोपों की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय एक विशेष समिति का गठन किया है। एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने इस समिति के गठन को तत्काल प्रभाव से अपनी स्वीकृति दे दी है।
गठित किए गए पैनल का संयोजक (कन्वीनर) राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल को बनाया गया है। इस समिति में उनके साथ डॉ. अमर सिंह और रफीक खान को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि यह समिति जम्मू-कश्मीर में पार्टी स्तर पर सामने आए अनुशासनहीनता के मामलों और पार्टी विरोधी हरकतों की पूरी पड़ताल करेगी।
यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को नई दिल्ली तलब किया गया था। वहां शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी के भीतर चल रही आपसी कलह और बढ़ते असंतोष को लेकर कई नेताओं को कड़ी फटकार भी लगाई थी। लंबे समय से जम्मू-कश्मीर की सक्रिय राजनीति में एक प्रमुख नाम रही कांग्रेस, फिलहाल वहां अपने अस्तित्व और प्रभाव को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही है। अब इस जांच समिति के माध्यम से संगठन में अनुशासन और एकजुटता लाने का प्रयास किया जा रहा है।












