नई दिल्ली, 05 जून।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री तथा विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 और 7 जून को विदिशा मेडिकल कॉलेज में विशेष निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा।
इस शिविर में मुंबई स्थित देश के प्रतिष्ठित टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ-साथ भोपाल स्थित एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टर भी अपनी सेवाएं देंगे।
शिविर के दौरान मरीजों की आधुनिक तकनीकों से कैंसर स्क्रीनिंग की जाएगी तथा आवश्यक होने पर अतिरिक्त जांच भी कराई जाएगी, जिससे बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित हो सके।
विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को न केवल उपचार संबंधी परामर्श देंगे, बल्कि आगे की चिकित्सा प्रक्रिया को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे।
मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आर्थिक स्थिति या जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को लेकर लोगों में अक्सर भय होता है, जबकि समय पर जांच, जागरूकता और उचित उपचार से इस पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
उन्होंने यह भी कहा कि कैंसर का सफल उपचार तभी संभव है जब उसकी पहचान शुरुआती चरण में हो जाए, क्योंकि समय पर कराई गई जांच न केवल मरीज का जीवन बचा सकती है बल्कि पूरे परिवार को संकट से भी सुरक्षित रखती है।







.jpg)







