नई दिल्ली, 05 जून ।
अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम प्रबंधन नंबर-3 के महत्वपूर्ण बल्लेबाजी क्रम पर साई सुदर्शन को लगातार अवसर देने के पक्ष में है।
मैच पूर्व संवाददाता सम्मेलन में गंभीर ने कहा कि साई सुदर्शन को अब तक पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं। उनका मानना है कि किसी खिलाड़ी का आकलन केवल कुछ टेस्ट मैचों के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीम को खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाना होगा और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने का पूरा अवसर देना चाहिए।
गंभीर ने यह भी कहा कि देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ियों को भी भविष्य में अवसर मिलेंगे, लेकिन फिलहाल टीम साई सुदर्शन को लंबी अवधि तक मौका देने की रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने सुदर्शन को विश्वस्तरीय खिलाड़ी बताते हुए भरोसा जताया कि वह आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
चेतेश्वर पुजारा के टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद भारत को नंबर-3 बल्लेबाजी क्रम पर स्थायी विकल्प नहीं मिल पाया है। इस स्थान पर शुभमन गिल, वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ियों को आजमाया जा चुका है। बाद में टेस्ट कप्तानी संभालने के बाद शुभमन गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने लगे।
अब तक छह टेस्ट मैच खेल चुके साई सुदर्शन का औसत 27 से कुछ अधिक है, लेकिन टीम प्रबंधन उनकी दीर्घकालिक संभावनाओं को लेकर आश्वस्त है। गंभीर ने कहा कि टीम में प्रतिभा और जीत की भूख मौजूद है तथा भारत अब भी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की दौड़ में बना हुआ है।
मुख्य कोच ने यह भी संकेत दिया कि अफगानिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला आगामी श्रीलंका दौरे से पहले स्पिन गेंदबाजी संयोजन को परखने का अवसर होगा। उन्होंने बताया कि बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार और हर्ष दुबे के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी, क्योंकि श्रीलंका दौरे के लिए चार स्पिनरों को टीम में शामिल करने की योजना है।








.jpg)





