नई दिल्ली, 01 जून ।
नई दिल्ली, 01 जून । 22वीं एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। भारतीय दल ने प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण पदकों सहित कुल 19 पदक जीतकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
प्रधानमंत्री ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता देश के युवा खिलाड़ियों के दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण को दर्शाती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की उपलब्धियां देश के युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और करियर बनाने के लिए प्रेरित करती हैं तथा भारत के खेल भविष्य को और मजबूत बनाती हैं।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री ने लिखा कि भारतीय टीम ने 10 स्वर्ण सहित 19 पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है और यह प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा और मेहनत का प्रमाण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सफलता आने वाले समय में और अधिक युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगी।











