टॉप न्यूज़
01 Jun, 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम घोषित, स्वस्थ वृद्धावस्था पर रहेगा फोकस

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” तय की गई है, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाना है।

नई दिल्ली, 01 जून ।

आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम निर्धारित की गई है। इस विषय का उद्देश्य बढ़ती उम्र में बेहतर स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और भावनात्मक मजबूती के लिए योग की उपयोगिता को रेखांकित करना है।

सोमवार को थीम जारी करते हुए केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने कहा कि वर्तमान समय में जीवन प्रत्याशा लगातार बढ़ रही है। ऐसे में केवल अधिक आयु प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जीना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को संतुलित और स्वस्थ तरीके से उम्र बढ़ाने का मार्ग दिखाता है।

उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था में योग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नियमित योगाभ्यास शरीर की लचक, संतुलन और सक्रियता बनाए रखने में सहायक होता है। इसके साथ ही श्वास संबंधी अभ्यास, ध्यान और सजगता आधारित प्रक्रियाएं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा भावनात्मक स्थिरता प्रदान करने में मदद करती हैं।

जाधव ने कहा कि योग और स्वस्थ वृद्धावस्था से जुड़े विषयों पर वैश्विक स्तर पर शोध कार्यों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2014 में इस क्षेत्र में 183 शोध-पत्र प्रकाशित हुए थे, जो वर्ष 2025 तक बढ़कर 1,207 तक पहुंच गए। वर्ष 2020 में ही यह संख्या 500 का आंकड़ा पार कर चुकी थी। उनके अनुसार यह बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि वैज्ञानिक समुदाय भी उम्र से जुड़ी चुनौतियों के समाधान में योग की प्रभावशीलता को स्वीकार कर रहा है।

उन्होंने कहा कि योग का विस्तार “सिल्वर इकोनॉमी” को भी नई गति दे सकता है। भारत में वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी अर्थव्यवस्था, जिसमें स्वास्थ्य सेवाएं, वेलनेस, पुनर्वास, डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाएं और बुजुर्गों की देखभाल शामिल हैं, का आकार करीब 73 हजार करोड़ रुपये आंका जाता है और इसके आने वाले वर्षों में तेजी से विस्तार की संभावना है।

आयुष मंत्रालय द्वारा योग को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें “योग 365” के माध्यम से पूरे वर्ष नियमित योगाभ्यास को बढ़ावा देने, योग समावेश को मजबूत करने तथा गैर-संचारी रोगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग प्रोटोकॉल विकसित करने जैसी पहलें शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की विभिन्न पहलें कार्यरत हैं। इन प्रयासों के माध्यम से बुजुर्गों की आवश्यकताओं से जुड़े नवाचारों और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

मेष- मध्याह्न पूर्व समय आपके पक्ष का बना रहेगा। कारोबारी काम में प्रगति बनती रहेगी। लेन-देन में आ रही बाधा दूर करने का प्रयास होंगे। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। पुराने मित्र से मिलन होगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़