मध्य प्रदेश
05 Jun, 2026

कजाकिस्तान में दिखेगा मध्यप्रदेश का दम, 7 खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल

एशियन कैनो स्प्रिंट और पैरा कैनो चैंपियनशिप के लिए मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के सात खिलाड़ियों का भारतीय दल में चयन हुआ है।

भोपाल, 5 जून ।

मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। कजाकिस्तान के तुर्किस्तान में 4 से 7 जून 2026 तक आयोजित एशियन कैनो स्प्रिंट जूनियर एवं अंडर-23 चैंपियनशिप तथा एशियन पैरा कैनो चैंपियनशिप के लिए अकादमी के सात खिलाड़ियों को भारतीय टीम में स्थान मिला है। चयनित खिलाड़ियों में कैनो स्प्रिंट वर्ग से संतोष सिंह, प्रिंस गोस्वामी, दीपिक देमार, डैली बिश्नोई और निहारिका सिंह शामिल हैं। पैरा कैनो वर्ग में प्राची यादव और मनीष कुराव भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। टीम के साथ कोच कैप्टन पीजुष बरोई भी मौजूद रहेंगे।

एशिया की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेश के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी को राज्य में विकसित हो रही खेल संस्कृति और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था की उपलब्धि माना जा रहा है। चयनित खिलाड़ी जूनियर, अंडर-23 और पैरा कैनो वर्गों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतने की चुनौती स्वीकार करेंगे। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ अकादमी में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को भी रेखांकित करती है।

भारतीय टीम में जगह बनाने वाले खिलाड़ियों ने वर्षों के अनुशासित अभ्यास, समर्पण और कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन किया गया। अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर वे अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करते हुए देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

पैरा कैनो वर्ग में प्राची यादव और मनीष कुराव का चयन विशेष महत्व रखता है। दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि यह संदेश देती है कि खेलों के क्षेत्र में दिव्यांग खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई सफलताएं अर्जित कर रहे हैं। उनकी सफलता खेलों में समान अवसर और समावेशी भागीदारी की भावना को और मजबूत करती है।

राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी में खिलाड़ियों को आधुनिक उपकरणों, खेल विज्ञान आधारित फिटनेस सहायता, अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और उन्नत प्रशिक्षण सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों और प्रतिस्पर्धी अवसरों के कारण प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी छाप छोड़ रहे हैं।

कजाकिस्तान में होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सात खिलाड़ियों का चयन प्रदेश के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि मध्यप्रदेश की खेल अकादमियां प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चयनित खिलाड़ियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार वैश्विक मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मध्यप्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए पदक जीतने में सफल होंगे।

|
आज का राशिफल

मेष- कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। यार-दोस्तों के साथ सांझे में किए जा रहे काम में लाभ मिल जाएगा। पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्धिमानी होगी। आपकी योजना से लोग प्रभावित होंगे। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

25° / 33°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़