नई दिल्ली, 5 जून ।
वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने के अनुमान पर भारतीय जनता पार्टी ने संतोष व्यक्त करते हुए विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस, पर निशाना साधा है। पार्टी का कहना है कि देश की आर्थिक स्थिति को लेकर लगातार नकारात्मक आकलन करने वालों के अनुमान एक बार फिर गलत साबित हुए हैं।
भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कई महीनों से देश में आर्थिक सुस्ती और विकास दर में गिरावट की आशंकाएं जताई जा रही थीं, लेकिन ताजा आंकड़े एक अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जो पिछले अनुमानित 7.1 प्रतिशत से अधिक है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर संघर्ष, शुल्क युद्ध और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। यह दर्शाता है कि देश की आर्थिक बुनियाद आलोचकों के आकलन से कहीं अधिक मजबूत है। उनके अनुसार केंद्र सरकार ने विकास को हमेशा नीति निर्माण का प्रमुख आधार बनाया है और उसी का परिणाम आज दिखाई दे रहा है।
जफर इस्लाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नीतिगत निरंतरता और प्रभावी आर्थिक प्रबंधन के कारण देश की अर्थव्यवस्था लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय अर्थव्यवस्था का नाममात्र आकार 346 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जो करीब 9 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भारत पहले से ही दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और यह गति लगातार बनी हुई है। इसी रफ्तार के साथ विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल किया जा सकता है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केवल जीडीपी ही नहीं, बल्कि सकल मूल्य वर्धन के आंकड़े भी सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में इसके 7.9 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है, जबकि पिछले वर्ष यह 7.3 प्रतिशत था। उन्होंने कहा कि विनिर्माण, सेवा और उपभोग क्षेत्र लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं, जो अर्थव्यवस्था की मजबूती और दीर्घकालिक सुधारों का परिणाम है।








.jpg)





