नई दिल्ली, 5 जून ।
वित्त वर्ष 2025-26 में देश की जीडीपी वृद्धि दर 7.7 प्रतिशत रहने के अनुमान पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रमाण बताया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह उपलब्धि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में देश की तेज प्रगति को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितताओं और पश्चिम एशिया में बने तनावपूर्ण हालात के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उनके अनुसार वित्त वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की अनुमानित वृद्धि दर देश की आर्थिक क्षमता और विकास की गति को स्पष्ट करती है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में नितिन नवीन ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर मजबूत आर्थिक गतिविधियों और विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक विकास का संकेत देती है।
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था की यह गति निवेश को प्रोत्साहित कर रही है, रोजगार और अवसरों के नए द्वार खोल रही है तथा युवाओं के लिए बेहतर संभावनाएं तैयार कर रही है। साथ ही इससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हालिया आर्थिक आंकड़े यह संकेत देते हैं कि भारत विकास के निर्धारित लक्ष्यों की ओर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनके अनुसार मजबूत आर्थिक प्रदर्शन देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार कर रहा है।







.jpg)






