सुपौल, 21 अप्रैल।
सुपौल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के इमामपट्टी वार्ड संख्या 09 में अवैध शराब कारोबार का खुलासा किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार्रवाई शुरू की। इस दौरान एक महिला को शराब बनाने और बिक्री करने के आरोप में पकड़ा गया।
गिरफ्तार महिला की पहचान रेखा देवी, पति स्वर्गीय बिल्लू उरांव के रूप में हुई है, जो अपने घर में ही देसी चुलाई शराब तैयार कर उसे बेचने का काम कर रही थी। पुलिस को देखते ही वह भागने लगी, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान टाट-फूस से बने घर से दो जार में 15-15 लीटर, एक गैलन में 5 लीटर तथा एक बोतल में 500 ग्राम शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर 35.5 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग होने वाला एल्युमीनियम का बर्तन और अन्य उपकरण भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार महिला से थाना में पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अवैध शराब कारोबार के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।










