नई दिल्ली, 21 अप्रैल
दिल्ली के अमर कॉलोनी क्षेत्र में स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई में सोमवार को मुठभेड़ के बाद एक इनामी अपराधी को दबोच लिया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने आस्था कुंज पार्क क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, उसे पकड़ने का प्रयास किया गया।
गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए कुछ ही समय में उसे काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान (40) के रूप में हुई है, जो ओल्ड मुस्तफाबाद का निवासी है। वह बुलंदशहर जिले में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों में झपटमारी, चोरी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। पूछताछ में उसने कई मामलों में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस उसके अन्य साथियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।










