बाराबंकी, 08 अप्रैल 2026।
मसौली थाना क्षेत्र के कुरथरा मजरे त्रिलोकपुर गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पत्नी ने लाठी-डंडों से पीटकर अपने पति की हत्या कर दी। बुधवार दोपहर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि पत्नी ने लगातार प्रहार कर पति को मौत के घाट उतार दिया। घटना में महिला भी घायल हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मसौली थाना क्षेत्र के चौकी त्रिलोकपुर अंतर्गत ग्राम कुरथरा निवासी सत्यप्रकाश (40) उर्फ मोहित, पुत्र रामकुमार, शराब का आदी था। वह अक्सर शराब के लिए पत्नी शिल्पी वर्मा से पैसे मांगता था, जिससे घर में लगातार तनाव बना रहता था। इसी कारण परिवार में आए दिन विवाद, मारपीट और गाली-गलौज की स्थिति बनी रहती थी।
बुधवार को लगभग 12 बजे घर में ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़कर हिंसक रूप ले बैठा। दोनों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी। आरोप है कि घरेलू कलह से परेशान पत्नी ने गुस्से में आकर पति पर लगातार वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें पुत्र अभिषेक उर्फ गोलू (14) और पुत्री सृष्टि (10) शामिल हैं।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि युवक के शराब की लत के कारण पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिसमें मारपीट के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में आगे की जांच की जा रही है।












