मध्य प्रदेश
20 May, 2026

इंदौर में बेलमोर्ट पार्क ऑफिस समेत तीन जगह आग, दस्तावेज व सामान खाक

इंदौर में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की तीन घटनाएं हुईं। दमकल ने समय पर नियंत्रण पाया, जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों का सामान और दस्तावेज नष्ट हो गए।

Indore, 20 मई ।

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में बुधवार को अलग-अलग इलाकों में आग लगने की तीन अलग घटनाएं सामने आईं। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग ने तेजी दिखाते हुए सभी जगहों पर आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि इन हादसों में भारी आर्थिक नुकसान हुआ और महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।

पहली और सबसे बड़ी घटना लसूडिया क्षेत्र में स्थित बेलमोर्ट पार्क की है, जहां टाउनशिप के मेंटेनेंस और बिल्डर कार्यालय में सुबह करीब 5 बजे अचानक आग भड़क उठी। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मी ने ऑफिस से धुआं निकलते देखा और तुरंत इसकी जानकारी दी। आसपास के लोगों ने प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही समय में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों के अनुसार इस घटना में कार्यालय में रखा सारा सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

दूसरी घटना खंडवा रोड स्थित अनुराधा नगर क्षेत्र में सुबह के समय हुई, जहां बबली पति प्रीतम सिंह की सब्जी की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दुकान में रखा पूरा सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर लगभग 1000 लीटर पानी की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया। प्रारंभिक आकलन में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

तीसरी घटना सुबह करीब 10:30 बजे रेडिसन चौराहे के पास स्थित महिदपुरवाला फर्नीचर की बहुमंजिला इमारत में हुई। इमारत के सातवें तल के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई, जिससे पूरे भवन में घना धुआं फैल गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। लगभग 15 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और स्टाफ की मदद से आग पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। इस घटना में भी प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़