प्रयागराज, 16 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत काठगांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां झोपड़ी में लगी आग ने एक मासूम की जान ले ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काठगांव निवासी रामसिंह की सात वर्षीय पुत्री सोनाली घर के पास बनी झोपड़ी में मौजूद थी। इसी दौरान अचानक झोपड़ी में आग भड़क उठी। आग लगने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
हालांकि आग बुझाने के दौरान तकरीबन सब कुछ राख हो चुका था और झोपड़ी में फंसी बालिका को बचाया नहीं जा सका। आग की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया गया कि झोपड़ी के ऊपर सोलर पैनल लगा हुआ था, जिससे आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने मामले में तहरीर प्राप्त कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।









.jpg)

.jpg)


