यमुनानगर, 16 अप्रैल।
यमुनानगर के जगाधरी बाजार में बुधवार देर रात यातायात नियमों के पालन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक बढ़ गया और पुलिस तथा एक नाबालिग के बीच टकराव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार सड़क के बीच खड़ी बाइक को हटाने और चालान की कार्रवाई के दौरान नाबालिग ने एसपीओ से चालान मशीन छीनकर दूर फेंक दी और थप्पड़ मारकर मौके से भाग निकला। उस समय पुलिस टीम बाजार में गश्त पर थी।
थाना प्रभारी के अनुसार सड़क पर खड़ी बुलेट बाइक आमजन के आवागमन में बाधा बन रही थी, जिसके चलते पुलिस ने वाहन के मालिक का पता लगाने के लिए नंबर की जांच शुरू की। इसी दौरान एक युवक मौके पर पहुंचा और अचानक मशीन छीनकर फेंक दी।
बताया गया कि समझाने का प्रयास करने पर युवक आक्रोशित हो गया और कहासुनी के बीच उसने एसपीओ को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद वह पास की एक कपड़ों की दुकान में जाकर छिप गया।
पुलिस जब उसे पकड़ने दुकान पहुंची तो वहां मौजूद उसके चाचा ने कार्रवाई का विरोध करते हुए पुलिस से बहस शुरू कर दी और आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डाली तथा धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया। वह पहले मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में थाने पहुंचने पर उसे भी काबू कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है तथा बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। वहीं परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में ज्यादती का आरोप लगाया है।





.jpg)

.jpg)




