जबलपुर। 23 अप्रैल
जबलपुर जिले के बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम सालीवाड़ा में गुरुवार पूर्वान्ह बरगी बांध की नहर किनारे एक दर्दनाक हादसा हो गया। रील बनाने में लगी चार किशोरियां अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव वाली नहर में गिर गईं।
इनमें से एक किशोरी को तैरना आता था, वह किसी तरह बाहर निकल आई और अपनी सहेलियों को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों लड़कियां पानी में बह गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
बताया गया है कि चारों किशोरियां एक ही परिवार की थीं और सालीवाड़ा में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। घटना के समय वे नहर किनारे नहाने के दौरान मोबाइल से रील बना रही थीं, तभी संतुलन बिगड़ने से एक-एक कर पानी में गिर गईं।
सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और होमगार्ड की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर शीतल पटेल और सानिया पटेल के शव बरामद किए गए।
वहीं 14 वर्षीय तनु पटेल की तलाश अभी भी जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक फैल गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर लिया है तथा आगे की जांच की जा रही है।











.jpg)