जयपुर, 22 मई ।
जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) और अशोक नगर थाना पुलिस ने सी-स्कीम स्थित एक कैफे पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए हुक्का बार के रूप में अवैध संचालन का खुलासा किया है। यह कार्रवाई मिरावा कैफे पर छापेमारी के दौरान की गई, जहां बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री और उपकरण बरामद हुए।
विशेष पुलिस कमिश्नर (ऑपरेशन्स) ओम प्रकाश ने जानकारी दी कि जांच के दौरान कैफे के अंदर 24 हुक्के चालू हालत में पाए गए, जिनके जरिए ग्राहकों को हुक्का परोसा जा रहा था। मौके पर पुलिस को 40 पाइप, 32 चिलम, 34 फ्लेवर डिब्बे और फिल्टर पाइप का एक कट्टा भी बरामद हुआ।
छापेमारी के दौरान कैफे में बड़ी संख्या में युवक हुक्का का सेवन करते हुए पाए गए। पुलिस ने मौके से कैफे मैनेजर गोवर्धन सहित आठ युवकों को हिरासत में लिया और कुल नौ लोगों के खिलाफ बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थान पर तंबाकू उत्पादों के सेवन और नियमों के उल्लंघन के मामलों में 17 लोगों के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत चालान भी बनाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शहर में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार और कैफे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई की जाती रहेगी।






.jpg)






