मध्य प्रदेश
26 May, 2026

जल संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल, खाली मटके लेकर राजवाड़ा में जोरदार प्रदर्शन

इंदौर में बढ़ते जल संकट के विरोध में कांग्रेस ने राजवाड़ा पर प्रदर्शन कर नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी की तथा खाली मटके फोड़कर विरोध जताया।

इंदौर, 26 मई ।

इंदौर में गहराते जल संकट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस सड़कों पर उतर आई। राजवाड़ा पर आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं शामिल हुईं। प्रदर्शन को देखते हुए क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती भी की गई।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम और महापौर पर पानी की समस्या को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए। पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने महापौर पर निशाना साधते हुए तीखी टिप्पणी की। प्रदर्शन स्थल पर कार्यकर्ताओं ने नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी भी की।

कांग्रेस का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में जल संकट लगातार गहरा रहा है। कॉलोनियों और बस्तियों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। टैंकरों से भी जरूरत पूरी नहीं हो रही, जिससे लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचीं। उन्होंने पानी की समस्या को लेकर विरोध दर्ज कराया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारे लगाए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि जल संकट और नगर निगम की कथित लापरवाही के विरोध में आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने महापौर से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि शहर पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहा है, लेकिन समाधान नहीं निकल पा रहा।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की भूमिका कांग्रेस निभा रही है और जनता को आगामी चुनाव में जवाब देना होगा।

धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता खाली मटके लेकर रैली के रूप में निगम मुख्यालय पहुंचे और गेट के सामने मटके फोड़कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस बल तैनात रहा और कार्यकर्ताओं ने पानी की मांग को लेकर नारे लगाए। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया।

राजवाड़ा क्षेत्र में प्रदर्शन के कारण शहर के मध्य हिस्से में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। एमजी रोड और कृष्णपुरा ब्रिज सहित कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़