जम्मू, 21 अप्रैल।
जम्मू-कश्मीर शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को जम्मू संभाग में मार्च-अप्रैल 2026 सत्र की कक्षा 10वीं की वार्षिक नियमित परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए। घोषित परिणामों में कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 88 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार इस परीक्षा में कुल 50,754 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 45,094 छात्र सफल घोषित किए गए। कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 88.85 प्रतिशत रहा, जो इस सत्र के शैक्षणिक प्रदर्शन को सकारात्मक दिशा में दर्शाता है।
परिणामों में छात्राओं ने लड़कों की तुलना में अधिक सफलता हासिल की। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 90.42 दर्ज किया गया, जबकि लड़कों का परिणाम 87.51 प्रतिशत रहा। इस प्रकार शैक्षणिक उपलब्धियों में छात्राओं का दबदबा एक बार फिर कायम रहा।
अधिकारियों का कहना है कि यह परिणाम जम्मू संभाग में छात्रों के निरंतर प्रयासों, शिक्षकों के योगदान और शैक्षणिक संस्थानों की बेहतर व्यवस्था का परिणाम है, जो शिक्षा के स्तर में सुधार को भी दर्शाता है।









