कठुआ, 21 अप्रैल।
कठुआ जिले के नगरी तहसील के निकट पंडोरी क्षेत्र में उस समय शोक और तनाव का माहौल बन गया जब गुर्जर समुदाय के एक युवक अबुद्दीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। घटना के बाद परिजनों ने इसे साजिशन हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक के पिता मिनिया दीन ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को बीती रात एक शादी समारोह में शामिल होने के बहाने धोखे से बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि इससे पहले भी कुछ लोग परिवार के अन्य सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुके हैं।
परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, वे शव को स्वीकार नहीं करेंगे और राष्ट्रीय राजमार्ग पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
घटना की सूचना मिलने पर कठुआ पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी कठुआ भेज दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में इस घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी अभियान जारी है।



.jpg)






