जम्मू, 21 अप्रैल।
जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सात एम्बुलेंस और आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण विभिन्न जिलों के लिए रवाना किए गए। यह कदम जम्मू-कश्मीर राज्य विद्युत विकास निगम की सीएसआर पहल के अंतर्गत उठाया गया है।
इस अवसर पर सिविल सचिवालय, जम्मू से एम्बुलेंस और स्वास्थ्य सामग्री को औपचारिक रूप से रवाना किया गया। इस पहल का उद्देश्य दूरदराज और कम सुविधाओं वाले क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाना बताया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू भी मौजूद रहीं। अधिकारियों के अनुसार यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायक होगा।








