श्रीनगर, 21 अप्रैल।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने जम्मू-कश्मीर में 23 अप्रैल तक व्यापक रूप से शुष्क मौसम बने रहने की संभावना जताई है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से इनकार नहीं किया गया है।
विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार 24 अप्रैल से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान 24 और 25 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ क्षेत्रों में एक-दो बार हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके साथ ही दोपहर और शाम के समय कई स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
26 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके बाद 27 और 28 अप्रैल को मौसम के फिर से शुष्क होने की संभावना जताई गई है। वहीं महीने के अंतिम दिनों 29 और 30 अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने और दोपहर के समय तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे 23 अप्रैल तक शुष्क मौसम का लाभ उठाते हुए कृषि कार्य जारी रखें। साथ ही इस अवधि में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की भी संभावना जताई गई है।









