उधमपुर, 20 अप्रैल।
रामनगर क्षेत्र के कागोर्त गांव में सोमवार सुबह हुए भीषण बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 19 पहुंच गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, बचाव दल और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर एक अत्यंत खतरनाक मोड़ है, जहां संभवतः चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बस पहले एक मुंडेर से टकराई और फिर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में क्षमता से अधिक यात्री थे या नहीं, इस संबंध में जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं तथा घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा के लिए जीएमसी उधमपुर भेजा जा रहा है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया और कहा कि सरकार इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है तथा उन्हें हर आवश्यक मदद प्रदान की जा रही है।





.jpg)



