नई दिल्ली, 20 अप्रैल।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक युवक की चाकू से हत्या कर दी गई, जबकि जवाबी हमले में आरोपी और उसके परिजन भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि एक घायल व्यक्ति को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को डॉक्टरों ने बताया कि इस्माइल की मौत हो चुकी है।
जांच में पता चला कि इस्माइल अपने घर के पास मोहम्मद इरशाद के साथ बैठा था, तभी वहां से गुजर रहे दानिश से उसकी मुलाकात हो गई। बताया जाता है कि पुरानी रंजिश के चलते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई।
इसी दौरान शाहिद अली ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन उसे भी धक्का-मुक्की का सामना करना पड़ा और उसकी आंख में चोट लग गई। इसके बाद दानिश ने चाकू से इस्माइल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही इस्माइल के बेटे जफर उर्फ जीशान और फैजान मौके पर पहुंचे और उन्होंने बदले की भावना से दानिश और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। इस झड़प में दानिश भी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पक्षों की पहचान कर जांच आगे बढ़ा दी है। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।



.jpg)


.jpg)



