नर्मदापुरम, 20 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरकोला में रविवार रात एक शादी समारोह अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गांव में रामनारायण के भतीजे का विवाह कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव का अमर सिंह कीर नशे की हालत में वहां पहुंचा और भोजन को लेकर कहासुनी करने लगा। बात बिगड़ने पर उसे शांत कर घर भेज दिया गया, लेकिन कुछ समय बाद वह अपने पुत्र लोकेश के साथ डंडा और चाकू लेकर वापस लौटा।
इसके बाद विवाद और बढ़ गया और दूल्हे के चाचा हरिनारायण बीच-बचाव के लिए आगे आए तो उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। उन्हें बचाने पहुंचे दौलत कीर, रामनारायण कीर, जयनारायण कीर और क्षमा कीर सहित अन्य लोग भी हमले की चपेट में आ गए। इस हमले में दौलत कीर की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपितों ने पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया। इस दौरान आरक्षक ओम जाट पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ, पैर और पेट में गंभीर चोटें आईं और उसे उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया।
घटना में हरिनारायण और जयनारायण की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। पुलिस के अनुसार टीम ने आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से घर में मातम छा गया है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।



.jpg)


.jpg)



