टोक्यो/नागोया, 09 अप्रैल।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने जानकारी दी है कि जापान में एशियन गेम्स के लिए बनाए गए नए क्रिकेट स्टेडियम में अगले महीने पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की शुरुआत होगी।
बेसबॉल के लिए मशहूर जापान इस साल एशियन गेम्स 2026 की मेजबानी कर रहा है, जो 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक नागोया और ऐची क्षेत्र में आयोजित होंगे। इसी मौके के लिए तैयार किया गया नया क्रिकेट मैदान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना पहला आयोजन करेगा।
नागोया के निकट निशिन में बने इस स्टेडियम में 8 से 18 मई तक 2028 पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालीफायर मैच खेले जाएंगे। यह अब तक का सबसे बड़ा ईएपी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट होगा, जिसमें कुल नौ टीमें भाग लेंगी।
इस टूर्नामेंट के जरिये टीमें ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगी। कुछ मैच टोक्यो से लगभग 100 किलोमीटर दूर सानो में जापान क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्यालय में भी खेले जाएंगे।
जापान क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य संचालन अधिकारी एलन कर ने कहा कि यह आयोजन जापान के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिससे वह बहु-स्थानों पर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित करने की अपनी क्षमता दिखा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह क्वालीफायर क्षेत्र की शीर्ष टीमों को मंच देने के साथ-साथ एशियन गेम्स से पहले क्रिकेट के प्रति उत्साह भी बढ़ाएगा।
इस क्वालीफायर में मेजबान जापान के अलावा कुक आइलैंड्स, फिजी, इंडोनेशिया, पापुआ न्यू गिनी, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, समोआ और वनुआतु की टीमें हिस्सा लेंगी।


.jpg)



.jpg)




