उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य तेजी से जारी है और जिले ने 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लाभार्थियों में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 76,417 कार्ड अब तक बनाए जा चुके हैं। इसके साथ ही पूरे जनपद में अब तक 13,68,270 आयुष्मान कार्ड बनाकर योजना को जन-जन तक पहुँचाया गया है। विशेष अभियान के तहत 91,954 कार्ड बनाए गए, जिससे जौनपुर को प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष ड्राइव चलाई जा रही है, जिसकी नियमित समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा की जा रही है। अभियान की सफलता ब्लॉक स्तर पर धर्मापुर, जलालपुर और मुफ्तीगंज में सर्वाधिक कार्ड बनने से स्पष्ट हो रही है।
अधिकारियों के निरंतर प्रयासों से योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच रहा है। अब तक 1,45,899 लाभार्थियों का इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत कराया गया है, जिस पर कुल 260.48 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि जो पात्र व्यक्ति अभी तक आयुष्मान कार्ड से वंचित हैं, वे शीघ्र कार्ड बनवाकर इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का लाभ उठाएँ।












