चेन्नई, 11 मई 2026।
तमिलनाडु विधानसभा में तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) विधायक जेसीडी प्रभाकर का विधानसभा अध्यक्ष बनना लगभग तय हो गया है। सोमवार को नामांकन की अंतिम तिथि तक केवल प्रभाकर ने ही नामांकन दाखिल किया, जिससे उनका निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित माना जा रहा है। अब सिर्फ आधिकारिक घोषणा शेष है।
सत्तारूढ़ टीवीके के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन की औपचारिक घोषणा मंगलवार को की जाएगी। इसके बाद प्रभाकर सदन की कार्यवाही संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी क्रम में विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए तुरैयूर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रविशंकर के नाम पर भी सहमति बन चुकी है और अध्यक्ष पद की घोषणा के बाद उनके नाम का भी ऐलान किया जा सकता है।
73 वर्षीय जेसीडी प्रभाकर अनुभवी नेता माने जाते हैं। उन्होंने इसी वर्ष जनवरी में टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में उन्होंने थाउजेंड लाइट्स सीट से द्रमुक उम्मीदवार एझिलन नागनाथन को 15,141 मतों से हराकर जीत दर्ज की थी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रभाकर का निर्विरोध निर्वाचन विधानसभा में राजनीतिक सहमति और संतुलन का संकेत है। उनके नेतृत्व में सदन की कार्यवाही अधिक व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित होने की उम्मीद जताई जा रही है।



.jpg)

.jpg)




