अपराध
09 May, 2026

झांसी में शराब पार्टी के बाद लोकगायिका की हत्या, अधजला शव बरामद

झांसी में शराब पार्टी के बाद बुंदेली लोक गायिका की हत्या कर शव जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया, पुलिस जांच में जुटी।

झांसी, 09 मई

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शराब पार्टी के बाद एक बुंदेली लोक गायिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उल्दन थाना क्षेत्र के बंगरा स्थित पठाकरका के माते खिरक और चौकरी के बीच सूखे नाले में शुक्रवार को मिला अधजला शव लोक गायिका लवली का निकला है। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया गया था।

घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रीति सिंह, क्षेत्राधिकारी टहरौली आसमा वकार सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान बंगरा निवासी मोहनलाल कुशवाहा ने पायल, अंगूठी, साड़ी और चप्पलों के आधार पर लोक गायिका लवली के रूप में की। परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम करीब सात बजे उनके मोबाइल पर एक कॉल आई थी, जिसके बाद वह बात करते हुए घर से निकल गई थी और फिर वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह अधजले शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। घटनास्थल से शराब की बोतलें, बियर कैन, नमकीन के पैकेट और एक जला हुआ मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। इसके अलावा खेत की तारों में लाल साड़ी का टुकड़ा और दुपट्टा फंसा मिला, जबकि पास में चप्पलें पड़ी थीं।

पुलिस को आशंका है कि महिला को किसी बहाने वहां बुलाकर शराब पार्टी की गई और किसी विवाद या घटना के बाद उसकी हत्या कर शव को जलाया गया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लवली बुंदेली लोकगीत गायिका थी और कार्यक्रमों के सिलसिले में अक्सर बाहर जाती रहती थी। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में हत्या का मामला भी दर्ज था, जिसमें वह लगभग दो वर्ष जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए दो टीमों का गठन कर दिया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़