काठमांडू, 23 अप्रैल।
भारत-नेपाल सीमा पर 100 रुपये से अधिक के सामान पर शुल्क लगाने की सरकारी नीति के खिलाफ काठमांडू में आज भी विरोध प्रदर्शन जारी है।
आज सुबह ‘युथ फॉर ट्रुथ’ संस्था के नेतृत्व में मधेसवादी दलों से जुड़े युवाओं ने माइतीघर मंडला में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तुरंत सीमा शुल्क (कस्टम ड्यूटी) की व्यवस्था वापस लेने और पहले जैसी स्थिति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लोग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अक्सर सीमापार खरीदारी करते हैं। ऐसे में 100 रुपये से अधिक के सामान पर शुल्क लगाने का फैसला आम नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रहा है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों, छोटे व्यापारियों और निम्न आय वर्ग के लोगों को इस नीति से अधिक परेशानी हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में ऐसे प्लेकार्ड लिए हुए थे, जिन पर लिखा था “शुल्क ज्यादा नहीं चाहिए, महंगाई नहीं सहेंगे”, “शोषण अब और बर्दाश्त नहीं”, “कस्टम ड्यूटी खारेज करो”, “सीमा लूट बंद करो”, “शुल्क हटाओ, देश बचाओ” और “महंगाई घटाओ, राहत दिलाओ।”
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही यह निर्णय वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उनका कहना है कि यह नीति जनता के हितों के खिलाफ है और इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।











