कटिहार, 16 मई।
मनिहारी थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपी के कब्जे से स्मैक, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, नया टोला वार्ड-2 में अवैध स्मैक कारोबार की सूचना मिलने पर तत्काल टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही एक युवक मौके से भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक कुमार (22) के रूप में हुई है, जो नया टोला वार्ड-2 का निवासी बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.40 ग्राम स्मैक, 1 लाख 23 हजार 570 रुपये नकद, तीन इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एल्युमिनियम फॉयल का डिब्बा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।









