नारायणपुर, 09 मई
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के कोहकामेटा थाना अंतर्गत ग्राम टोके उपरपारा में सुरक्षा बलों को सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल से बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। यह कार्रवाई बीएसएफ जवानों द्वारा चलाए गए डीमाइनिंग और तलाशी अभियान के दौरान की गई।
पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि 135वीं वाहिनी सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मिली खुफिया सूचना के आधार पर शुक्रवार को घने जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया बड़ा डंप मिला।
बरामद सामग्री में .315 बोर राइफल, 12 बोर राइफलें, बैरल ग्रेनेड लॉन्चर, जिंदा कारतूस, विस्फोटक पदार्थ, डेटोनेटर, ट्रिगर मैकेनिज्म और संचार उपकरण शामिल हैं। इसे नक्सलियों के छिपे हुए हथियार भंडार के रूप में चिन्हित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव को खत्म करने के बाद लगातार सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसके चलते ऐसे डंप लगातार बरामद हो रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।












.jpg)