मैहर, 18 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के मैहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा तालाब में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नहाने गई चार लड़कियां अचानक गहरे पानी में डूब गईं, जिसमें दो की मौत हो गई, जबकि दो को ग्रामीणों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटेहरा बीड़ी कॉलोनी की एक युवती और तीन नाबालिग किशोरियां शनिवार सुबह स्नान के लिए तालाब पहुंची थीं। इसी दौरान एक किशोरी का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीनों भी आगे बढ़ीं, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण चारों ही पानी में डूबने लगीं। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दो लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक दो की मौत हो चुकी थी।
हादसे में मृतकों की पहचान 10 वर्षीय पूनम चौधरी, पुत्री मुकेश चौधरी तथा 20 वर्षीय आंचल चौधरी, पुत्री रामसजीवन चौधरी, निवासी बीड़ी कॉलोनी पटेहरा के रूप में हुई है। दोनों शवों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मैहर भेजा गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।
सूचना मिलते ही एसडीएम दिव्या पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल और थाना प्रभारी महेंद्र सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



.jpg)



