वाराणसी, 10 अप्रैल 2026।
वाराणसी कमिश्नरेट में पुलिस व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार रात विभिन्न थानों कैण्ट, शिवपुर और लालपुर- पाण्डेयपुर में तैनात उपनिरीक्षकों के कार्य प्रदर्शन की विस्तृत समीक्षा के बाद एक निरीक्षक और ग्यारह उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के तहत थाना कैण्ट के निरीक्षक संतोष पासवान सहित उप निरीक्षक आशीष श्रीवास्तव, भैरव श्रीवास्तव, मुन्ना यादव, जमुना प्रसाद तिवारी और प्रवेश कुन्तल को निलंबित किया गया है।
इसी क्रम में थाना शिवपुर के उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, कोमल यादव और आशीष कुमार सिंह को भी खराब प्रदर्शन के कारण निलंबन की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।
वहीं थाना लालपुर- पाण्डेयपुर से उप निरीक्षक प्रमोद कुमार गुप्ता, कोमल कुमार गुप्ता और विजेन्द्र सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।
बताया गया कि पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस समीक्षा बैठक में लंबित विवेचना, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन, बीडब्लू, एनबीडब्लू की तामील एवं गिरफ्तारी, बिना नंबर की गाड़ियों की सीजिंग और विपरीत दिशा में चलने वाले वाहनों की कार्रवाई की स्थिति की गहन समीक्षा की।
जांच में पाया गया कि निलंबित किए गए सभी उपनिरीक्षकों के मामलों में विवेचना 60 दिनों से अधिक समय से लंबित थी तथा शिकायतों के निस्तारण में भी गंभीर लापरवाही सामने आई।
इस दौरान बैठक में अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त नीतू, सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट अपूर्व पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





.jpg)




